अंतर्राष्ट्रीय पुष्टिमार्गीय केंद्रों एवं मंदिरों में हुए विशेष मनोरथ



गुना। अंतर्राष्ट्रीय पुष्टिमार्गीय परिषद मप्र, विराट हिन्दू उत्सव समिति एवं चिंतन मंच के तहत मोक्षदा एकादशी गीता जयंती सप्ताह के तहत  पूर्णिमा को नि:शुल्क गीता वितरण के साथ पूर्णाहूति होगी। इस अवसर पर गीता वितरण का 25 वां दौर प्रारंभ होगा। गीता जयंती सप्ताह के तहत अंचल में गीता पाठ, स्वाध्याय, बौद्धिक वार्ता एवं नि:शुल्क गीता वितरण आदि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुष्टिमार्गीय परिषद मप्र के प्रांतीय प्रचार प्रमुख कैलाश मंथन के मुताबिक अंचल सभी धार्मिक केंद्रों एवं मंदिरों पर विशेष मनोरथ एवं सत्संग कार्यक्रम आयोजित हुए। मोक्षदा एकादशी से पूर्णिमा तक अंचल के प्रमुख 18 कृष्ण मंदिरों में गीता पाठ, संकीर्तन के आयोजन किए गए। इस अवसर पर नि:शुल्क गीता वितरण का 25 वां दौर भी शुरू किया जा रहा है। अब तक 25 हजार नि:शुल्क गीता वितरण का संकल्प किया जा चुका है। प्रत्येक दौर में औसतन एक हजार गीता की प्रतियां नि:शुल्क वितरण की गईं।
विराट हिन्दू उत्सव समिति चिंतन मंच के तहत होंगे गीता पाठ-स्वाध्याय
विराट हिन्दू उत्सव समिति चिंतन मंच के प्रमुख कैलाश मंथन के मुताबिक वर्तमान समय में श्रीमद् भागवत गीता ही एकमात्र ऐसा ग्रंथ है जो सत्य सनातन धर्म का सार उद्घोषित करता है। भगवान कृष्ण की अमृतवाणी यह बताती है कि हम कौन थे ? क्या हो गये ? और क्या होंगे अभी ? भूत, भविष्य, वर्तमान का ज्ञान श्रीमद् भगवद् गीता के अध्ययन से होता है। गीता हमें जीवन का लक्ष्य सिखलाती है। इसी मकसद से सभी मंदिरों एवं धार्मिक केंद्रों पर गीता स्वाध्याय, सत्संग सभाएं, संकीर्तन संघों के माध्यम से गीता का प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
सवा लाख परिवारों तक नि:शुल्क पहुंचाई जाएगी श्रीमद् भगवद् गीता की प्रतियां
श्रीमद् भगवद् गीता के व्यापक प्रचार प्रसार का प्रमुख केंद्र गुना शहर बनता जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय पुष्टि मार्गीय वैष्णव परिषद मप्र के प्रांतीय प्रचार प्रमुख कैलाश मंथन के मुताबिक चिंतन मंच, विराट हिन्दू उत्सव समिति के तहत चलाए जा रहे नि:शुल्क गीता वितरण अभियान के तहत अब तक 25 हजार परिवारों तक नि:शुल्क गीता प्रतियां वितरण के अलावा गीता स्वाध्याय, व्याख्यान मालाएं, सत्संग सभाएं, बौद्धिक सत्र का आयोजन किया जा रहा है। कुल 24 दौरों में गीता वितरण अभियान में लगातार सक्रियता बढ़ी है। मोक्षदा एकादशी से श्रीमद् भगवद् गीता भगवान कृष्ण की वाणी के प्रचार अभियान में तेजी लाई जाएगी। गुना के गीता प्रचार अभियान की गूंज अमेरिका, ग्रेट ब्रिटेन, रूस, सऊदी अरब, जापान, बांग्लादेश, थाईलैंड, श्रीलंका, इंडोनेशिया सहित करीब एक दर्जन देशों में सुनाई देने लगी है। फेसबुक सहित अन्य प्रचार साधनों से श्रीमद् भगवद् गीता के विचारों के प्रति देश एवं विदेश के लाखों लोगों ने श्रद्धा दिखाई है।
गीता अभियान के प्रमुख प्रचारक संयोजक कैलाश मंथन ने बताया उनके संकल्प के अनुसार अब तक हजारों गीता की प्रतियां लोगों ने श्रद्धा भक्ति सहित स्वीकार की है। उपनिषद, धर्म, दर्शन, भारतीय संस्कृति से आम लोगों का सीधा सीधा साक्षात्कार हो इस दृष्टिकोण से गीता को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। विश्व साहित्य में श्रीमद् भगवद गीता ही एक मात्र ऐसा दर्शन विज्ञान है जो मृत्यु का भय दूर करता है, कर्मपथ पर लगाता है, ज्ञान, भक्ति वैराग्य की त्रिवेणी है श्रीमद् भगवद् गीता। अगले पांच वर्ष के दौरान सवा लाख परिवारों तक श्रीमद् भगवद् गीता की प्रतिष्ठा करने का लक्ष्य है।